Breaking News

मालती पोखर सूर्य मंदिर छठ घाट पर शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे हाइट्रोजन गैस से भरा सिलेंडर (बैलून फुलाने वाला) फट गया।

शेखपुरा जिले के बरबीघा प्रखंड के जयरामपुर थाना क्षेत्र के ततारपुर गांव स्थित मालती पोखर सूर्य मंदिर छठ घाट पर शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे हाइट्रोजन गैस से भरा सिलेंडर (बैलून फुलाने वाला) फट गया। हादसे में छह लोग जख्मी हो गये। घायलों में तीन की स्थिति गंभीर बतायी जाती है। घायलों को सदर अस्पताल शेखपुरा रेफर कर दिया गया है। घटना में बैलून बेचने वाला नारायणपुर गांव के राजनीति कुमार, उसके सहकर्मी पिंटू गंभीर, गुब्बारा खरीद रहीं परसो बिगहा निवासी उषा देवी और उसका एक वर्षीय नाती राजकुमार गंभीर रुप से जख्मी हो गये। वहीं फटने के बाद आसमान में उड़े सिलेंडर के जमीन पर गिरने की वजह से मिठाई दुकानदार पिंटू कुमार और मोहन भी जख्मी हो गए।
तेज आवाज के साथ 40 फीट ऊपर उड़ गया सिलेंडर :-
मालती पोखर में शुक्रवार की सुबह श्रद्धालु उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दे रहे थे। घाट पर करीब बीस हजार से ज्यादा लोग जुटे थे। सूर्य मंदिर से महज 10-15 फीट की दूरी पर उड़ने वाले गुब्बारे में दुकानदार राजनीति कुमार हाइड्रोजन गैस भर रहा था। प्रत्यक्षदिर्शयों की माने तो सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। अचानक तेज आवाज के साथ सिलेंडर आसमान में 30-40 फीट ऊपर उड़ गया।
विस्फोट से कांप गयी धरती :-
मौके पर मौजूद कई लोगों ने बताया कि सिलेंडर का निचला भाग फटने से धरती में तेज कंपन हुआ। विस्फोट की वजह से घटना स्थल से 20-25 फीट तक धरती कांप गयी। इसे महज संयोग या ईश्वरीय कृपा कहा जाए कि इतना भयानक विस्फोट के बाद भी कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
सिलेंडर फटते ही मच गयी भगदड़ :-
गुब्बारा फुलाने वाले गैस सिलेंडर के विस्फोट के बाद सूर्य मंदिर परिसर में भगदड़ मच गई। विस्फोट की आवाज और घायलों को देख लोग इधर-उधर भागने लगे। भगदड़ की वजह से दो-तीन लोगों को मामूली चोटें आयी। कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। बाद में स्थानीय लोगों ने घायलों को मेले से दूर ले जाकर प्रशासन को इसकी सूचना दी और प्रशासन व पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रशासन ने दिखायी तत्परता: -
घाट पर मौजूद प्रखंड कृषि पदाधिकारी उमाकांत ने बताया कि जयरामपुर पुलिस की मदद से गंभीर दो लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। दो अन्य घायलों को भी एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। अन्य को मामूली चोटें लगी हैं। उधर, अस्पताल के चिकित्सक डॉ. फैजल अरशद ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। हालांकि घायल महिला और बच्चे की आंखों की रौशनी प्रभावित होने की बात कही जा रही है। बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया गया। इधर, जयरामपुर के थानाध्यक्ष महानंद झा ने बताया कि गैस सिलेंडर घाट पर ले जाने के मामले की तहकीकात की जा रही है। दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

No comments